उसे पसंद था बातें करना

उनसे

जो नहीं रखते हैं 

क़ैद अपने हृदय को

पसलियों के भीतर

जो, जब बोलते हैं

तो उनका हृदय 

होता है उनकी जिह्वा पर

और जब सुनते हैं 

वो तुम्हारी बातें

तो कान ले लेते हैं

रूप उनके हृदय का ।


इसलिए 

जब कोई न होता
 
आस पास सुनने के लिए

वो आवाज़ देती थी

ईश्वर को 

और करती थी उनसे

बतकही अनकही ।।



मुझे भी पसंद था बातें करना

उनसे
 
जो उतार दें अपने हृदय से

सभी छद्म आवरण

और हो जाएं एकाकार

स्वयं से ।


इसलिए 

जब भी मैंने सुना 

किसी के मन से होकर

आता हुआ

संबोधन

"प्रिय ईश्वर"

तो मैं भी छोड़कर

सभी बातें अधूरी

चल दिया 

पूरी करने 

उसकी अधूरी बातें ।



और इस तरह किया

उसके हृदय ने संवाद

उसकी आत्मा से ।।




~गुंजन