मैंने नहीं लिखी कभी
कोई दुख भरी कविता
मां के लिए ।
मैंने कभी नहीं देखा था उसे
फूंकते हुए चूल्हे में अपना जीवन ।
न ही देखा था
ढोते हुए पानी के साथ
जीवन का बोझ ।
पर मैंने देखा था उसे
संवारते हुए
कच्चे आंगन और कच्चे मन ।
मैंने देखा था
बारिश में वो कैसे
टपकते घर का सारा पानी
करती थी जमा खाली बर्तनों में ।
बड़ा नायब तरीका था उसका
जल संचयन का ।
पर उसने आंखों की बारिश
किस बर्तन में जमा की
नहीं जानती ।
मैंने देखा संघर्षों से भरा
एक जीवन
एक बेहतर जीवन के लिए ।
उसके संघर्ष मेरी कविताओं का
दुख कभी नहीं बने
उसके संघर्ष
मेरे आदर्श हैं ।।

