ईश्वर की अंगुली छोड़कर
मैं आई
और आ कर पकड़ लिया तुम्हारा
झुर्रियों वाला हाथ
और सच कहूं
मुझे दोनों में कोई अंतर नहीं लगा ।
ईश्वर ने मेरे हाथों में
दी रेखाएं
जीवन और भाग्य की
जो बदल भी सकती थीं..
पर तुमने खींची अमिट रेखाएं
मेरे हृदय पर
प्रेम और विश्वास की ।
ये विश्वास कि मैं चल सकती हूं
तुम्हारी अंगुली थाम कर
क्षितिज तक
और ऐसा अगाध प्रेम
कि तुम रहो या कि
न रहो
तुम हमेशा संबल हो मेरा ।
ईश्वर ने दिया मुझे जीवन
पर उसे कैसे जीना है
ये सीखा मैने
तुम्हारे झुर्रियों वाले हाथों को थामने के बाद ।
~गुंजन

