तुम्हारे जाने के बाद ,

आज पहली बार मंदिर की सफाई की,

न जाने क्यूं,

ऐसा लगता था कि तुम्हारी इतनी,

पूजा, श्रद्धा और समर्पण भी उसे कम लगी,

मैं बहुत बड़ा श्रद्धालु तो नहीं,

पर शायद ही कोई तीर्थ बचा होगा जहां ,

अपने लिए नहीं तो,

तुम्हारे लिये ही सही शीर्ष न झुकाया होगा,

मुझे अब भी याद है,

बचपन में मुझे रामायण की सारी चौपाइयाँ,

पूरा सुंदरकांड याद था,

अब जरूर भूल गया हूं,

पूरी रात रामायण पाठ करना,

शौक़ ही नहीं था,

कहीं उसमे श्रद्धा भी थी,

हनुमान चालीसा सिर्फ डर और परीक्षा,

के समय ही नहीं,

बल्कि आनंद हेतु भी गाता था.

हां मैं बहुत अनुशासित

पुजारी या सेवक नहीं हूं,

पर नास्तिक भी नहीं था,

रोज़ पूजा करता था ,

तुम्हारे जाने के बाद भी,

पर दिल करता था ,

भगवान के न्याय को मानने से इंकार,

शायद मेरा भरोसा टूट गया था,

फिर भी मंदिर की सफ़ाई की,

उससे बेवफ़ाई नहीं की....

© गुमनाम लखनवी