पीढ़ी दर पीढ़ी बदलाव आते हैं,

कभी हम अगली पीढ़ी

और कभी अपनी पीढ़ी को आंकते हैं,

एक ज़माना था अपने से उम्र में सभी के पैर छूने के कोई विकल्प नहीं थे,

अब "हाय" एक अच्छा विकल्प है,

और अगर हो अच्छा मूड,

तो ये हो जाता है " हाय डूड"

ऐसा नहीं कि हम पापा के सामने बैठते नहीं थे,

मगर वो खड़े हों तो खुद का बैठना,

उनकी बेइज़्ज़ती समझते थे,

ऐसा नहीं कि हमारे समझने से उनकी ,

इज़्ज़त ऊपर नीचे होती थी,

बस हमारी समझ ही ऐसी थी,

ऐसा नहीं कि वह अपना प्यार बाँहों में,

उठाने, गोदी में उछालने या खेलने मात्र से ही,

व्यक्त होता था,

रात भर जब हम पढ़ा करते थे,

वो रात में जग जग कर काफ़ी भी बनाते थे,

फिर भी एक दूरी रहती थी,

सही थी या ग़लत थी,

तय नहीं कर पाता हूं,

हां, घर से दूर रहने पर,

चिट्ठी भी लिखते थे

मोबाइल फोन के जमाने से पहले

चिठ्ठी भी एक संवाद का माध्यम हुआ करता था,

हाॅस्टल में थे तो उनके मनी ऑर्डर का इंतज़ार करते थे,

और जब कमाने लगे,

तो मनी ऑर्डर भेजने लगे,

इसलिए नहीं कि उन्हें ज़रूरत थी,

इसलिए कि यह इज़्ज़त देना का ,

थैंक्स कहने का एक प्रतीक लगता था,

उनकी ओल्ड एज में बीमारी का खर्च उठाना,

बोझ नहीं लगता था,

बल्कि यह ईश्वर के लिए

ग्रेटीट्यूड का एक टुकड़ा था,

इस क़ाबिल बनाने के लिए,

ऐसा नहीं कि आज की पीढ़ी,

बात नहीं सुनती, इज़्ज़त नहीं देती,

बस इज़्ज़त की परिभाषा बदल गई है,

"लिंगों" बदल गई है,

तरीका बदल गया है,

पीढ़ी दर पीढ़ी यह बदलाव आते हैं,

आते रहेंगे,

पुरानी पीढ़ी को अपनी फ्रिक्वेंसी

नई पीढ़ी के साथ ट्यून करनी ही पड़ेगी,

तभी संवाद स्थापित होगा,

विविध भारती की फ्रिक्वेंसी

की जगह मेटा की एल्गो समझना होगा

© गुमनाम लखनवी