हाँ, मैं बुज़दिल हूँ,
अन्याय के ख़िलाफ़ कभी लड़ा नहीं,
न्याय के पक्ष में कभी खड़ा नहीं।
हर मोड़ पर समझौता करता रहा,
किस्तों में सुकून ख़रीदता रहा।
कभी अपने लिए, कभी अपनों के लिए,
कभी इज़्ज़त तो कभी शोहरत पाने के लिए।

मैं महत्वाकांक्षी हूँ,
इसलिए सच जानकर भी आँखें मूँदे रहा,
ज़ुबान होकर भी गूंगा-बहरा बना रहा।
बॉस को नाराज़ करने की औकात न थी,
पूरी ज़िंदगी गधा बना रहा, उसकी नाकामी ढोता रहा।
जब भी उसने गुस्से में कहा—"गधे कहीं के!"
मैं ढेंचूढेंचू कर वफादारी का सबूत देता रहा।
घर में बच्चे पालने थे, तरक़्क़ी की चाह थी,
इसलिए बॉसकी गुड बुक में रहना ही राह थी।
काम जल्दी निपटे, चक्कर न काटना पड़े बार-बार,
इसलिए सरकारी दफ़्तरों में हथेलियाँ गर्म करता रहा लगातार।

हाँ, मैं बुज़दिल हूँ,
जब सड़क पर कोई गुंडा रॉन्ग-लेन से आकर,
मेरी गाड़ी में अपनी बाइक भिड़ाता था,
और आँखें दिखाकर भद्दी गालियाँ सुनाता था,
तो रोड-रेज़ से बचने के लिए मैं 'सॉरी' कह जाता था।

मैं बुज़दिल हूँ,
जब कोई मनचला किसी महिला से छेड़छाड़ करता था,
मैं नज़रें चुराकर आगे बढ़ जाता था।
मुझे कुछ दिखाई नहीं देता था,
क्योंकि मुझे सही-सलामत घर पहुँचना होता था।
बच्चे इंतज़ार कर रहे होते थे,
और मुझे किसी चाकू या तमंचे का शिकार नहीं होना था।

मैं बुज़दिल हूँ,
क्योंकि मैं एक आम आदमी हूँ,
जिसके लिए जीना पहले ही मुश्किल है।
भला जानबूझकर आफ़त कौन बुलाता?
मैं बुज़दिल हूँ, क्योंकि मैं जीना चाहता हूँ,
हाँ, मैं हर हाल में बस जीना चाहता हूँ!
क्योंकि मैं एक आम आदमी हूँ।

© गुमनाम लखनवी