उद्गम से नदियां चलती है,
बीच में सौ-सौ बार मरती है।
इन्हें हम तक आने दो,
नदियां बहने दो।
कभी ये सफेद कुर्ते की जेबों में,
कभी पेंट-शर्ट की जेबों में,
कभी ये सरकारी दफ्तरों में,
सिसक-सिसक कर रोती है।
कभी तो इन्हें हम तक आने दो,
नदियां बहने दो ।
मैंने देखा है दुष्यन्त की ग़ज़लों में
नदियां कहां सूख जाती है,
इन नदियों को हम तक पहुंचने दो,
इन्हें हम तक आने दो,
नदियां बहने दो।
बांध बनाकर नदियों को मत रोको,
तुम ही केवल इन्हें मत सोखो।
कितनी भूख बची हमारी देखो,
बचाखुचा ही सही मगर हम तक फेंकों।
इन नदियों को चलने दो,
नदियां बहने दो।
हमारे जल पर तुम हक जताते हो,
तब जा कर तुम घर चूल्हा जलाते हो।
पानी हमको भी पीने दो,
हम को भी कुछ खाने दो,
नदियां बहने दो।
बारह मास यह चलती है,
फिर भी न हम तक पहुंचती है।
इन्हें हमसे मिलने दो,
नदियां बहने दो।
आने दो।
खाने दो।

