सोच रही थी क्या सिर्फ ज़ख्मों के ही निशान होते है।तभी दिल और दिमाग से एक आवाज़ सुनाई पड़ी, शायद नहीं। क्योंकि अगर ऐसा होता तो शब्दों का कोई वजूद नहीं रहता। ये निशान तो ज़ख्मों के निशान से भी परे है। ये बिना दिखने वाला निशान गहरा घाव कर जाते है और छुटने के बाद भी हमारे अंदर हीं रह जाते है। ये घाव ना जाने कहाँ-कहाँ से और कभी भी आ जाते है बिन बुलाए मेहमान की तरह और हमारे अंदर एक घर बना लेते है जिनका कोई वजूद नहीं है। ये मेहमान हमारे रिश्तेदार, दोस्त, पड़ोसी, समाज और कभी-कभी तो अजनबी भी इनमें शामिल होते है। ये मेहमान कोई भी बन सकता है अपना या पराया इसका कोई स्वरूप नहीं है। और इनके दिये हुए ये सुनहरे निशान हमारे मानसिक पटल पर ना जाने कितने रंग छोड़ जाते है। वैसे देखा जाए तो इन निशान के शब्दों की गतिशीलता इतनी गतिमान होती है कि सीधे हमारे मस्तिष्क से होते हुए रग-ए-जाँ में उतर जाती है और फिर कई असंख्य कभी ना मिटने वाले निशान छोड़ जाती है। हम उन्हें कितना भी मिटाने की कोशिश कर ले ये वंही चिपकी रहती हैं पेड़ के लस्से की तरह जिसे कितना भी पेड़ से अलग करने की कोशिश कर लो वो अपना कुछ ना कुछ अंश छोड़ हीं जाती हैं। जब भी एकचित शांत बैठती हूँ। शब्दों के निशान के शोर को हमेशा अपने कानों मे दिवाली के पटाखों की तरह गूंजता हुआ पाती हूँ। एक ऐसी दिवाली जो साल में एक बार नहीं आती बल्कि हर रोज़ आती है और कहती है मैं तुम्हारे अंदर का त्योहार हूँ मेरा जश्न मनाओं और मैं ना चाहते हुए भी इसे अपना रीति रिवाज समझ के हर रोज़ ख़ुद में ही मनाती हूँ। 

कभी कभी मैं शब्दों के निशान को ना चाहते हुए भी मुठ्ठी में बंद प्रश्नों की तरह एक मुठ्ठी से दूसरी मुठ्ठी में डालती रहती हूँ। लेकिन ना जाने क्यों ये कभी मुठ्ठी से गिरकर मुश्त ए ख़ाक में नहीं मिलते। इसका मुझे हमेशा ही मलाल रहता है। फिर अगले ही पल एक सुकूँ सा होता है कि अगर ये शब्दों के निशान ना मिले होते तो शब्दों के हेर फेर का तराजू नहीं समझ आता।