मोहे मोह नहीं इस जग से मोहन, इक तुझसे प्रीति की रीति भयी, जो सिसकी तेरी याद में रोई, तोहे देखन से संगीत भयी, संगीत भयी वो सिसकी जो कि, रोवत नैन मेरे कब से, प्रेम की इस क्रीड़ा में कान्हा, मैं हारी तेरी जीत भयी, अब बिछुड़न की बात न करियो, प्राण मेरे चल देंगे फिर, फिर न कहना तपती ज्वाला, आज ये कैसे शीत भयी, नैनन में तेरा मुखड़ा लेकर, अब मैं सोबत-जागत हूँ, जोगन बन गई ऐसी तेरी, आज मैं खुद से विपरीत भयी, मेरा मुख तो शब्दहीन है, नैन मेरे हैं विह्वल से, तेरे दरस में पाकर गिरधर, हारी से जगजीत भयी।।