पत्रकारिता के मायने ही ईमानदारी है...
मेरी नज़र में पत्रकारिता पेशा न होकर एक मिशन है।
गुलामी के दौर में पत्रकारिता ने हुकूमत की ज्यादतियों के खिलाफ आमजन को जागरुक करने का काम किया था।
उस दौर के हुक्मरानों ने भी पत्रकारिता के आगे अड़चने पैदा की थी, कई अखबारों को प्रतिबंधित किया वहीं अंग्रेज सरकार के खिलाफ आवाज़ उठाने वाले पत्रकारों को दंड भी दिया।
ये वो वक्त था जब अनेकों क्रांतिकारियों ने पत्रकारिता अपना कर आज़ादी की लड़ाई में दोहरी भूमिका निभाई थी।
उस वक्त के क्रांतिकारी पत्रकारों ने अखबार ही नही पर्चे छपवा कर अंग्रेज सरकार की नीतियों और फैसलों की कमियों को जनता के सामने रखा था।
तब पत्रकार और पत्रकारिता अंधेरे में डूबे देशवासियों को मशाल दिखा रहे थे।
उस दौर में पत्रकार के लिए ईमानदार या बेईमान जैसी संज्ञाएं नही प्रयोग की जाती थी। वो दौर तो गुजर गया, अगर उस दौर के किसी पत्रकार को ईमानदार कहा जाता होगा तो उसका जवाब यही होता होगा कि "मैं अपना धर्म निभा रहा हूँ"
चूंकि अब न देश गुलाम है, और न पत्रकारिता मिशन है। अब पत्रकारिता और समाचार माध्यम अन्य व्यवसायों की तरहां एक व्यवसाय बन गया है। इसमें कोई बुराई नहीं है इससे पत्रकारों को जीवन यापन मे आसानी हुई है, लेकिन जब से इस जीवनयापन के तरीके में विलासिता और धनार्जन का स्वार्थ पैदा हुआ है, पत्रकारिता के साथ बेईमानी का टैग भी जुड़ गया है।
जीवनयापन से विलासिता तक पहुंचा ये लालच आज के दौर में प्रोपेगेंडा फैला कर लोगों की मानसिकता व राय बदलने तक पहुंच गया है। यही पत्रकारिता मिशन पर सवालिया निशान लगता है।
पिछले कुछ बरसों में विशेषकर इलेक्ट्रानिक और सोशल मीडिया के आने से पत्रकारिता में आई बेईमानी खतरनाक स्तर तक पहुंच गई है। अब पत्रकारिता में राजनीति और औद्योगिक घरानों का घातक प्रभाव दिखने लगा है!
अब समाचार चैनल के कार्यक्रमो में राजनीतिक दलों के प्रति झुकाव स्पष्ट नज़र आता है।
एकर द्वारा सत्ता पक्ष की एकतरफा बातें और सवालों को दबाने की नीति देश और समाज के लिए घातक सिद्ध हो रही है।
अब खबरों में पत्रकारिता के मूल्यों का सत्ता के हित में समझौता हो रहा है।
अब पत्रकार महीने के बंधे-बंधाए वेतन के साथ निगमों, आयोगों, संस्थानों में पद और राज्यसभा सदस्य के सपने संजोए सत्ता को जिम्मेदार ठहराने से बच रहे है।
जो पत्रकारिता कभी सिर्फ मिशन होती थी अब ईमानदारी और बेईमानी के धड़ों में बंट गई है। ऐसा नहीं है कि पत्रकारिता में गिरावट एक दिन में आई है, इसके लिए बरसों माहौल तैयार किया गया है,
तो फिर सुधार भी एक दिन में नहीं होगा, लेकिन इस सुधार की शुरुआत तो किसी न किसी को करनी ही होगी।
ये शुरुआत कब होगी?
किससे होगी यही देखना है।
©गोपाल भोजक

