अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस और समाज मे फैले गिद्ध....



आज अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस है हर वर्ष 11 अक्टूबर को मनाये जाने वाले इस दिन के पीछे बेटियों के अधिकारों, सुरक्षा व सम्मान की मनसा ही रही होगी, लेकिन क्या हाथरस, बलरामपुर, बाड़मेर होशियारपुर, हैदराबाद और न जाने कहाँ कहाँ बेटियों के साथ हुई दरिंदगी के बीच क्या इस दिन का कोई महत्व रह जाता है ?

जिस समाज मे क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी की 6 वर्षीय बच्ची के बारे में गिरी हुई बात करने वाले, रात के अंधेरे में हाथरस की बेटी को जलाने वाले, उंसके साथ दरिंदगी करने वाले हो। ऑनर किलिंग के नाम पर उंसकी हत्या व समाज मे इज्जत के नाम पर उसकी इच्छाओं का गला घोंटने वाले बसते हो, जो समाज नवरात्रा में कन्याओं को ढूंढता हो वहां बेटी की ये दशा देख कर शर्म से सिर झुक जाता है।

जहां बेटी को देह मात्र समझा जाये, जहां उंसके पंखों को नोच उसकी उड़ान रोक दी जाये, वहां "मेरे घर आई एक नन्ही परी...जैसे गीत बेमानी से लगते है।

जहाँ रुनझुन पायल वाले पैरों में बेड़िया और कुमकुम तिलक लगाने वाले माथे पर कलंक लगाया जाता हो, वहां मुझे "बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ" हकीकत नही मात्र नारा ही रहेगा।

हर माँ चाहती है बेटी के पैरों में महावर, हाथों में मेहंदी लगाना चाहती है, हर पिता की ख्वाइश होती है कि आंगन में गुड़िया से ठुमकती और चिड़िया से फुदकती बेटी हो, लेकिन समाज से आती सियारों की आवाज़ें गिद्धों से पंजे फैलाये इंबनर पिशाचों से कौन बचायेगा बेटियों को ? 

फूलों पर सजी नाजुक ओस की बूंद सरीखी बेटियों के साथ कभी होशियारपुर, कभी हैदराबाद, कभी हाथरस, कभी बलरामपुर, तो कभी बाड़मेर में दरिंदगी होती है तो खून खोल उठता है।


वो बेटी ही होती है जो मां बाप की हर पीड़ा को समझ लेती है। मेरी कोई अपनी बेटी नही है, लेकिन परिवार और पड़ोस की बेटिया अपनी सी ही लगती है।

बेटी सुख से वंचित पिता होने के बावजूद कभी कल्पना कर बेटी के बारे में लिखा था-


भूख से व्याकुल मन मेरा

बचपन को बुला रहा था,

माँ के मीठे दूध की याद

नींदों में सुला रही थी,

बाबा बाबा कहते कहते 

बिटिया मेरी दौड़ी आई,

कुछ मुँह पर लगी हुई थी

मिट्टी मुझे खिलाने आई।