राह सदभावना की
-----------------------
जख्म तो यहाँ सभी के लगे हैं
कुछ ग़ैर , तो कुछ मजहब के सगे हैं
शिकायतों का हल सियासत में ना ढूंढों
सच पूछो तो हम सब ही ठगे हैं
ज़ख्म तो यहाँ सभी के लगे हैं -----
कब तक कहानियाँ सुनाओगे जख्मों की
नौनिहालों को
कब तक जहन में रखोगे
सवालों को
हाथ खून से यहाँ सभी के रंगे हैं
ज़ख्म तो यहाँ सभी के लगे हैं -----
क़ब्र और शमशान की ख़ामोशी मे कहाँ फर्क है
यूँ ही झगड़ते रहे तो ज़िंदगी यहीं नर्क है
मेरा और तेरा तो दिखावे के तमगे हैं
जख्म तो यहाँ सभी के लगे हैं
कुछ गैर तो कुछ मज़हब के सगे हैं -----
(डा गोपाल सिंह मेहता )
ं