हे रिटायर्मेंट!!!
धोखे में मत रहो,
सेवा से निवृत्त हो रही हूँ
संसार से नहीं!
अधिकारिक कर्तव्यों से
मुक्त हो रही हूँ
जीवन के कार्य से नहीं!
रिटायर्मेंट!
तुम महज़ एक शब्द हो
कुछ नियमों के साथ बस
सरकारी दस्तावेजों में उपलब्ध हो
वरना तुम्हारी क्या है औकात
कौन तुम्हें रखना चाहता है पास
माना कि कुछ हैं जो तुम्हें
ख़ुशी से गले लगाते हैं
क्योंकि बदले में पी. एफ., पेंशन पाते हैं
पर ये न सोच कि तेरे लिए
कोई तरसता है
सच तो ये है कि
कर्मठ और आशावादियों के लिए
तू बड़ा ही सस्ता है
ठीक है...!
जन्म तिथि से तेरे रिश्ते हैं बड़े खास
पर कभी न नापना उम्र से
मेरे हौसले और मेरे जज़्बात...
