कहते हैं कि
कभी दुनिया बहुत सुंदर थी
चारों ओर हरियाली
नदियों में बहता था
निर्मल ताज़ा जल
दूध से सफेद बादल
साफ नीला आसमान
हरे भरे जंगल
रंग बिरंगे पक्षी
बेखौफ घूमते पशु
केसरिया भोर और
सुनहरी शाम
टिमटिमाते तारों और
चाँदनी से भरी रात
पेड़ पौधों को चूमकर
बहती हवाएँ
हरी घास के फैले
गलीचे पर फूलों की रंगोली
जैसे प्रकृति रोज
खेलती थी होली
जुगनू के जलते दीप
करते थे संध्या आरती
पंछियों का राग भोर
करता दिन की शुरुआत
झरनों की झंकार से
झूम उठता था
वह सुंदर संसार
कितनी सुंदर थी यह धरा
तब जब इस धरा पर
मनुष्य नाम का
जानवर नहीं था...

