ओ नदी तुम किसे पुकारती हो?

आखिर किसे पाना चाहती हो?


कुछ कहना चाहती हो किनारों से

पहाड़ों से देवदार और चिनारों से


ऊँचे पर्वतों की गोद में जन्मती हो तुम

जंगलों चट्टानों के साथ खेलती हो तुम


ताकती हो आसमा को बड़े अरमान से

करती हो अनगिनत प्रश्न इस जहान से


तुम्हारी लहरें किनारे आती हैं मेहमान सी

तुम करती हो खिदमत रहकर निष्काम सी


माँ जैसी तुम्हारी गोद और जल है अमृत सा

तुम्हारी लहरों में सब हो जाता है विस्मृत सा


झरनों में किल्लोलें करती इठलाती हो खूब

मैदानों में भाला किन विचारों में जाती हो डूब


तुम्हारा अल्हड़पन धीरे-धीरे हो जाता है कम

जैसे बचपन से जवानी में रखने लगी हो कदम


जैसे व्याकुल सी हो उठती हो पाने को विस्तार

पागल सी हो जाती हो किसी के प्रेम में अपार


अपनी सुध बिसरा के खोजती हो जो मुकाम

उस सागर को पाकर ही मिलता है तुम्हें आराम