मित्रता
यही एकमात्र
ऐसा संबंध है
जो हमें बाँधता नहीं
मुक्त करता है
हर भय और चिंता से
मित्रता का संबंध
दूर और पास से नहीं
उस एहसास से है
जिसके साथ बिताया गया पल
गहरे ध्यान से कम नहीं होता
क्योंकि मित्रता
मिटा देती है भेद
उम्र का
रूप - रंग का
ऊँच - नीच का
अमीरी-गरीबी का
यहाँ तक कि
मनुष्य और जानवर का
जीव जंतु और पेड़ पौधे का भी
क्योंकि मित्र वही हो सकता है
जिसके साथ मुक्त हुआ जा सकता है।

