सुनहरी किरणों से सजी पालकी में होके सवार,
हे दिनकर कहाँ जा रहे तुम पर्वतों के उस पार।
रात की रानी को बुलाने या फिर सुबह को जगाने,
तुम्हारी यात्रा में छिपा है एक अनोखा ही व्यवहार।
नई आशाओं को साथ ले,यूँ हर रोज़ तुम्हारा आना,
जैसे थमा देना, डूबते हृदय को उम्मीद की पतवार।
तुम्हारे बिना अधूरा लगता है जीवन का हर नज़ारा,
तुम्हारी रोशनी से ही तो दिखाई देता सुन्दर संसार।
रोज़ सुबह तुम्हारी किरणें नई कहानी लिए हैं आती,
रोज़ शाम को तुम्हारे साथ वक्त बिताना भी यादगार।
फूलों को खिलने का संदेश भी तुम्हीं से है मिलता,
धरा के कण-कण को निखारने में तुम ही मददगार।
ये धरती ये आसमान और इस चाँद की चाँदनी भी,
तुम्हीं से है ये मौसम ये बारिश ये वसंत और बहार।

