मैं सुख भोगने के लिए
इस धरा पर नहीं जन्मी हूँ
मैं सुख के रहस्य को
उजागर करने के लिए हूँ
मैं दुःख भोगने के लिए भी
इस मर्त्य लोक में नहीं आई हूँ
मैं पीड़ा को आत्मसात कर
मुक्ति का मार्ग खोजने आई हूँ
मैं जीवन जीने भर के लिए
यहाँ पर अब तक जिंदा नहीं हूँ
मैं मृत्यु के जन्म की प्रक्रिया को
जानने और सीखने आई हूँ
मैं यहाँ परब्रह्म के रचे खेल को
नियमानुसार खेलने आई हूँ
मैं अपने शरीर के द्वारा उसके
अस्तित्व को देखने आई हूँ
मैं किसीकी नहीं उसके सिवाय
बस उसी से मिलने आई हूँ
मैं उससे अलग नहीं फिर भी
उसके हर रुप में ढलने आई हूँ
मैं वही थी, वही रहूँगी हमेशा
उसी भाव को प्रकट करने आई हूँ...