खुद को खुद से ही
जो भुला सके
कल्पनाओं की दुनिया में
जो बेखौफ़ जा सके
जो अलफ़ाजों को
करीने से सजा सके
जो आँसुओं को बड़ी
निपुणता से छिपा सके
जो पल भर में अपनी
खुशियों को फूँक सके
जो दु:खों की गहराई में
पूरी तरह डूब सके
जो प्रेम की संकरी गली से
अकेले ही गुजर सके
जो जीते जी भी
ख़ुशी से मर सके
जो बेज़ुबान की भाषा
सहज पहचान सके
जो शब्दों की आहट से
उसकी तासीर जान सके
जो भावनाओं की रूह
से मुलाक़ात कर सके
जो शब्दों के बिना भी
बात कर सके
वही कविता लिख सकता है
क्योंकि शब्द महज़
जिस्म भर होता है
कविता का
उसमें घुल मिल चुका होता है
अंश कवि की आत्मा का...
माँ की गीता
21.03.25
