काश ! ये दुनिया बच्चों सी बन जाये
दुनिया कहती है कि
बच्चे नादान होते हैं
सरल होते हैं
भोले होते हैं
बच्चे भगवान का रूप होते हैं
तो मैं चाहूँगी कि
पूरी दुनिया बच्चों सी
नादान बन जाये
क्योंकि उनमें इतनी समझ नहीं होती
कि वे लोगों को
धर्म-जात से
रूप-रंग से
ऊँच -नीच से
अमीरी-गरीबी से पहचान सके।
मैं चाहती हूँ कि पूरी दुनिया
बच्चों की सी सरल बन जाये
ताकि वो सबको
निस्वार्थ भाव से
प्रेम कर सकें
बिना किसी लोभ-लालसा
और छल - कपट के
सबको अपना मित्र बना सकें
मैं चाहती हूँ कि पूरी दुनिया
बच्चों सी भोली बन जाये
ताकि वह मनुष्य और पशु के
पेड़-पौधों और जीव जंतु के
सुख-दुख को एक सा समझें।
मैं चाहती हूँ कि सचमुच पूरी दुनिया
बच्चों की तरह बन जाये
क्योंकि तब ये पूरी दुनिया
भगवान से भर जाएगी ।
तब ये पूरी धरती कितनी
सुंदर बन जाएगी....
गीता टण्डन
14.11.21
