तुम्हारी हँसी कहाँ गई ?

कहीं खो गई क्या ?

जब तुम्हें मैं गोद में उठाती

तुम हँस देते थे

तरह-तरह से पुचकारती

तुम खिलखिलाकर हँसते

बेवजह भी तुम

कई बार हँसते ही रहते

कोई मुँह बना चिढ़ाता

तुम ठहाके लगाते

कोई झूठ-मूठ का गिरता

तुम ताली बजाकर हँसते

न जाने मैंने नींद में भी

कितनी बार हँसते-मुस्कुराते देखकर

तुम्हारी बलैया ली है

बचपन में खेल-खिलौने

खेलकर खुश होते

बड़े होने पर अपने दोस्तों

के साथ फालतू सी लगनेवाली बात पर भी

तुम मज़े लेकर हँसते

कभी किसीको डराकर

कभी कोई मज़ाक बनाकर

पेट पकड़कर हँसते

फिर चुटकुले सुनकर

और कभी सुनाकर हँसते-हँसते

लोटपोट तक हो जाते

तुम जब तक हँसते रहते

मैं सोचती रही कि

तुम ज़िन्दगी के मज़े उठा रहे हो

तुम जी रहे हो क्योंकि

तुम हँस रहे हो

तुम जितनी तेजी से बड़े होने लगे

उतनी तुम्हारी हँसी

धीरे-धीरे छोटी होने लगी है

मुझे अब डर लगता है

ऐसे लगता है जैसे

तुम ख़तम हो रहे हो

मेरे बच्चे हँसोगे तो ही जियोगे

ज़िंदगी का रस पियोगे

हँसते हुए तो मृत्यु भी

बड़ी प्यारी लगती है

क्योंकि मैंने पढ़ी है

उन वीरों की कहानियाँ

जिन्होंने हँसते हुए

मौत को गले से लगाया

उन्हें मृत्यु ने अमर बनाया...

इसलिए अगर कहीं खो गई है

तो हँसी को खोजो

उसे यूँ खो न जाने दो...