मुझे

मिलना है तुमसे

देखना है तुम्हें

बातें करना है तुमसे

थोड़ी देर तुम्हारे साथ

मौन रहकर

महसूस करना है

तुम्हारे भीतर के दर्द को

जिसे शब्द नहीं मिले

तुम्हारी आँखों की गहराई में

झांकना है,

जिनमें टूटी हुई उम्मीदें

अब भी तैर रहीं हैं

छूना है उन आंसुओं को

जो बहे नहीं, जम गए

पूछने हैं कुछ प्रश्न

जो तुमसे किसीने नहीं पूछा,

और तुम्हें सीने से लगाकर

तुम्हारा माथा सहलाना है

तुम्हारी पीठ थपथापानी है

और कहना है तुमसे कि

तुमने खुदको बड़ी हिम्मत से

सहेज कर रखा है

तुम एक ताकतवर जिस्म

ही नहीं, मजबूत दिल भी

लिए हो।

ख़ामोशी से

तुमने चोटें सहकर

खुदको एक सुंदर

आकार दे दिया।

तुमसे मैं प्रेम करती हूँ...

एक दिन मैं

ज़रूर मिलूंगी तुमसे

क्योंकि मैं इंतज़ार

कर रही हूँ मिलने का

अपने आपसे...