लाल गुलाबी, नारंगी नहीं
चॉकलेट होती है चॉकलेटी
कुछ सिल्की, कुछ एनर्जी भरी
कुछ फुल ऑफ़ हेल्थी नटी
मीठी मीठी सी नहीं मिठास
इसका होता है अलग ही स्वाद
दादी नानी के जमाने की नहीं
ये तो है नए जमाने का स्वाद
घर में अब हलवा बने तो
बच्चे टेढ़ा मेढा मुँह बनाते हैं
चॉकलेट मिल जाए तो जैसे
हर दिन नया साल मनाते हैं
मेहमान फल ले आते हैं तो
बड़े मायूस हो जाते हैं
पर चॉकलेट खाने के लिए तो
सोते से जग जाते हैं
बर्थडे पर भी चॉकलेट फ्लेवर्स
का ही केक बनवाते हैं
रिटर्न गिफ्ट में भी चॉकलेट की
उम्मीद लगाए जाते हैं
आइसक्रीम, बिस्किट ही नहीं
चॉकलेट फ्लेवर्स के पान भी आते हैं
घर में मम्मी से चॉकलेट सैंडवीच
चॉकलेट डोसा बनवाते हैं
अब तो परफ्यूम भी चॉकलेट के
सुगंध की मिलती है
मम्मी की लिपस्टिक भी अब
चॉकलेट के स्वाद की बनती है
कितना अच्छा होता कि हर
दवाई भी चॉकलेट सी टेस्टी होती
पालक, मेथी, करेले की सब्जी भी
खाने में चॉकलेटी होती
बारिश के सीजन में कुछ दिन
चॉकलेट की भी बारिश होती
वसंत में भी पेड़ पौधों पर
चॉकलेट की खूब कली खिलती
दाँत चमकते हर बच्चे के अगर
टूथपेस्ट भी चॉकलेट का होता
बच्चे दिन में दो दो बार नहाते
गर साबुन भी चॉकलेट से बनता
प्रिंसिपल मैडम निवेदन है आपसे
नाश्ते में थोड़ा सा बदलाव करा दो
हम बच्चे मेस में दौड़कर आएंगे
उपमा, उत्तपा चॉकलेट से बनवा दो

