मुझे तुम
सिखा रहे हो
खुद से जूझना
अपने ही टूटे हुए
टुकड़ों को समेटना
बिना किसी हिसाब के
बहुत कुछ यूँ ही छोड़ना
बाहर की जंग हारकर भी
भीतर के युद्ध को जीतना
इच्छाओं,अपेक्षाओं से बंधे
अपने ही बंधनों को तोड़ना
मुझे लगा ख़त्म हो रही हूँ मैं
पर जैसे तुम तो बना रहे हो
रौंद कर मिट्टी की तरह मुझे
एक नया आकार दे रहे हो
मेरे पुराने आवरण काटकर
मुझेमें कुछ नया गढ़ रहे हो
अब ये दुःख,ये टूटने, हारने
की तकलीफ़ मैं सहने लगी हूँ
मैं जानती हूँ कि तेरे ही हाथों
मैं थोड़ा - थोड़ा बनने लगी हूँ
अब जाना कि तुम
वो दिया हो जो
मेरे जीवन की
अँधेरी रात में
अकंप जलता रहा है
मैं भले तुमसे दूर हूँ
फिर भी तू साए की तरह
हरदम मेरे साथ चलता रहा है

