कागज़ की नावें, बारिश का जल,
गुड्डे-गुड़िया, सपनों का महल।
दादी ममता, दादा का प्यार,
उनकी हर बात में जादू अपार।
नंगे पैर मिट्टी में खेलना,
और बेतहाशा गलियों में भागना।
वो बेफिक्री, वो मासूम अंदाज़,
बचपन का था सबसे खास राज।
दोस्तों संग आम, इमली तोड़ना चुपके से,
फिर छिपकर भागना धूप में झुलस के।
घर लौटते वक़्त बेर चुरा कर खाना,
मस्ती में भूल जाना झगड़ा पुराना।
कंचों की दुनिया, पेड़ों की छाँव,
हर छुट्टियों में जाते थे हम गाँव।
ना फोन था,ना टीवी का शोर,
वो जल्दी उठना होते ही भोर।
अब वो दिन कहीं खो गए हैं,
पर कितनी यादें संजो गए हैं।
बस चाह है फिर लौट आए पल,
जहाँ बचपन का हर पल था निर्मल।

