काम पर से
घर लौटते ही
मैं उतार कर रख देती हूँ
अपना वह रूप ड्रेसिंग टेबल पर
जिसे मैंने पहना था सुबह
नहाने के बाद
कलाई से घड़ी उतारते ही
खुद को समय के बंधन से
कर देती हूं मुक्त
तरतीब से पहनी पोशाक
सेकंडों में उतार
कर देती हूँ दरकिनार
कानों की मैचिंग इयरिंग
और नेकलेस उतार
आज़ाद बालों को
क्लचर से कैद कर
होंठों की लिपस्टिक
पोंछकर
चेहरे को पानी से धोकर
ढीले-ढाले वस्त्र पहन कर
जब मैं कुछ घड़ी को
लेती हूँ आराम की साँस
तो बड़ी राहत मिलती है
लगता है जैसे अपने को
अपने ऊपर चढ़ाई परत से
मुक्त कर दिया हो मैंने
शायद मेरे साथ ही नहीं
हर कोई जब अपने को
अपने किसी ऊपरी परत से
आज़ाद करता होगा तो
उसे भी सुकून मिलता होगा
खुद से ही मुक्त होकर
खुदको महसूस कर पाना
देता है कितना आराम...
सच है न...???