अंतिम क्षण तक लड़ूँगी मैं
क्षत्रिय कुल में भले नहीं जन्मी
पर योद्धा हूँ मैं
बचपन से ही लड़ती रही हूँ
उन विचारों से जिन्होंने
एक बार नहीं,कई- कई बार
वार किया मेरे अंतर्मन पर
उन व्यवहारों से,जो मुझे
संस्कारों की नोक पर
बनाना चाहते थे गुलाम
उन रूढ़ियों से जो मुझे
धर्म के नाम पर डराना चाह रहे थे
उन अंधविश्वासों से,जो
छलनी कर रहे थे मेरा विश्वास
और आहत करते रहे मेरी आस्था को
नपुंसक नहीं हूँ
उनकी तरह जो अपने स्वार्थ के लिए
दूसरों के अधिकारों को
कुटिल चालों से छीन लेते हैं
योद्धा हूँ, लड़ूँगी अंतिम क्षण तक
जीत के लिए नहीं बल्कि
अन्याय से हार न मानने के लिए
तुम भले पीछे से वार कर,
निरस्त्र कर दो मुझे और
डाल दो बंदी बना कर कालकोठरी में
मैं तब भी नहीं टेकूँगी घुटने
तुम जीत भी जाओ तो भी
मैं हार नहीं मानूँगी
क्योंकि तुम मेरे शरीर को
बाँध सकते हो
मन को नहीं
वह लड़ेगा
तब तक जब तक
साँस चलेगी
क्योंकि मैं योद्धा हूँ...
गीता टण्डन
23.7.2020
