तुम बनो कृष्ण की बंसी पर
वह चक्र सुदर्शन मत भूलो
द्वापर से निष्ठुर कलयुग तक
यह युग परिवर्तन मत भूलो
मीरा को भी तुम पाओगे
जयचंद हजारों घेरेंगे
अपने भी तृष्णा के मद में
अपना अपना मुँह फेरेंगे
यह धर्म-अधर्म तुम्हारा है
अर्जुन - दुर्योधन भी होंगे
लांछन, अपयश और अनाचार
के भी अनुचर मुख खोलेंगे
द्रौपदि का होगा चीर हरण
कुछ पांडव शीश झुकायेंगे
दुर्दांत कौरवों के अनुचर
अपना परचम लहरायेंगे
तब कोई विदुर नहीं होगा
जो प्रेम विवश हो जाओगे
नफरत का जरासंध कोई
हर गली गली में पाओगे
तब मुरली नहीं सुदर्शन ही
इस धर्म युद्ध को जीतेगा
वरना हे केशव यह कलयुग
ऐसे ही हर पल बीतेगा
~गौतम
