तुम्हारे निश्चल प्रेम को कैसे साक्षर कर दूँ
तुम्हारे अस्तित्व पर कैसे हस्ताक्षर कर दूँ
तुम्हारी उन्मुक्ति और तुम्हारा स्वाभिमान
कहीं प्यारे हैं मेरे लिए
तुम्हारे तुम में अपने मैं को
सदा के लिए ढाई अक्षर कर दूँ
कैसे ओढ़ा दूँ अपना साया
कि तुम्हारा भी तो वजूद है
फिर किस हक से पांडव बन
तुम्हें द्रौपदी सा कर दूँ
तुममें समाहित होना
मेरे दिल की बस तमन्ना है
तुम भी ऐसा करो
तुम्हें ऐसे मजबूर क्यों कर दूँ
तुम राधा बनो मेरी
या मीरा या कोई और
पर तुम्हारा सांवरा बनूँ
खुद को तुम्हारे काबिल तो कर दूँ
सृष्टि की अधिष्ठात्री ऐ नारी
तुमको, तुम्हारी ख्वाहिशों को
तुम जब कहो तब खुद को
समर्पित तुम पर कर दूँ!!
~गौतम ✍️ @gautam0112

