नदी और पत्थर
कितना प्रगाढ़ था न
हमारा सफर
एक ही मंजिल थी हमारी
तुम नदी थीं और मैं पत्थर
पर तुम गतिमान थीं
चंचल थीं
स्वच्छंद बहते जाना था तुम्हें
अनवरत समुंदर तक
और मैं बहा तुममें
तुम्हारे प्रेम में
जानता हूँ
तराश दोगी बहाव में अपने
बना दोगी भगवान
किसी घाट के मंदिर का
पर मेरी ख्वाहिशें
तुममें बहना चाहती हैं
तुम्हारा अनुसरण करना चाहती हैं
मत तराशना मुझे
रेत बना देना कि घुल जाऊँ तुममें
सदा सर्वदा
जब तुम सागर में समाहित हो
और मैं तुममें
छोड़ देना किनारे कहीं
फिर लहरों में आना
तुम्हारा स्पर्श पाऊंगा
स्नेह से लिपट जाना मुझसे
नम कर देना
प्रेम से मेरे कण कण को
~गौतम

