मैं किसान हूँ इस जग का

पालन मेरा कर्त्तव्य है

कोई भूखा रहे ने जग में

ये मेरा मंतव्य है

        ओढ़ दिशाएं तन में

         पाँवों में आकाश पहन निकलूँ

          इस धरती का धरा पुत्र हूँ

          ऐसे अपने खेत चलूँ

जाड़े, गर्मी, बरसातें

ये सब ही मेरे मित्र हैं

कठिन परिश्रम, संतुष्टि ही

मेरे अटल चरित्र हैं

     मैं मिट जाऊँ भले मगर

     ये देश मेरा सम्मृद्ध हो

     अन्न उगाने का मेरा मन

     सदा सदा ही सिद्ध हो

मैं गरीब का बेटा हूँ

पर देश मेरा खुशहाल हो

मेरी बस ख्वाहिश इतनी है

कोई न बदहाल हो

        बाढ़ और सूखे से बेसक

        मेरा हाल खराब है

        किस्मत से जब प्रश्न करूँ

        तो मिलता नहीं जवाब है

भले गरीबी से व्याकुल हूँ

फिर भी अन्न उगाता हूँ

इसीलिए शायद जग में

मैं अन्नदाता कहलाता हूँ

        भले मेरी फसलों के बदले

        उचित मूल्य न पाता हूँ

         अपने सपने छोड़ खेत में

         फिर भी अन्न उगाता हूँ

मेरे कितने भाई हैं

जो बदहाली से त्रस्त हैं

मौत वरण कर लेते हैं

कितने किसान सर्वत्र हैं

     मेरे बच्चे उनके सपने

      कभी नहीं पूरे होते

      अन्तर्मन में आँसू हैं

      पर कभी नहीं हम यूँ रोते

भूमि अधिग्रहण ने मेरे

कितने अरमान जलायें हैं

मेरी किस्मत सुलग रही है

सुलग रही ज्वालाएँ हैं

         इन ऊँचे दरबारों से

        मेरे बस यही सवाल हैं

         हम किसान अब भी क्यों

        इतने पीडि़त हैं बदहाल हैं

सत्ता के गलियारों ने

वादों की झड़ी लगायी है

फिर भी मेरी फूटी किस्मत

अभी बदल न पायी है

        मेरे बच्चों ने अब तक वो

        कलम नहीं पहचानी है

        जिससे अपनी किस्मत लिखने

        की विद्या न जानी है

मैं तो हल से ही अपनी

फूटी किस्मत लिख लेता हूँ

मेहनत की भट्टी में अपना

जीवन भी रख लेता हूँ

      ~गौतम