शहीद सिपाही की माता, निद्रा के घोर गगन में
स्वप्नों में विचरण करती, जो पनपे उनके मन में।
सहसा धुंधली इक परछाई, उन तक पहुंच रही थी
और पास आते आते, दीपों सा चमक रही थी।
वह बलिदानी अपनी माँ को हाल बताने आया था
सरहद के सतरंगी किस्से उन्हें सुनाने आया था।
तुमने मुझको इस मिट्टी का मोल बताया था जो माँ!
उस मिट्टी का ऋण सारा अब चुका दिया है मेरी माँ!
तुमने कैसे वतन के लिए मर मिटना सिखलाया था
भगत सिंह की गौरवगाथा का इतिहास बताया था!
सरहद पर मैं दुश्मन से किंचित भी नहीं डरा था
मेरे प्रबल प्रहारों से दुश्मन भी काँप उठा था!
नहीं कायरों के जैसे मैं मरने से डरता था
भारत माँ की शान हेतु अंगारों पर चलता था!
एक एक कर हम वीरों ने, दुश्मन को मसला था
उनके नापाक इरादों को, इस मिट्टी में कुचला था!
जब तक हम रण में थे, रण चंडी भी साथ खड़ी थी
मातृभूमि की बलिवेदी पर उसकी आँख गड़ी थी!
मेरा रोम रोम, हर कतरा, मिटने को व्याकुल था
प्राणों का बलिदान किया,वह सबसे अच्छा पल था!
अंतिम क्षण इतनी चाहत, यह माटी मेरे संग हो
सैनिक बनकर फिर जन्मूँ,यदि कोई और जनम हो!
यह सुनकर सैनिक की माँ गर्वित होकर इतराई
और आत्मा उस सपूत की मंद मंद मुस्कायी!!!
~गौतम

