खोलकर नभ की सभी परतें

मेरा श्रृंगार कर दो

धधकती धरती को थोड़ा 

और भी अंगार कर दो


प्रस्फुटित तारों सितारों 

को गगन से तोड़कर

बाग में अपने सजाकर

दीप्त यह भू भाग कर दो


याचना के दिन गये अब

क्रांति की ज्वाला जगा दो

और राणा के सदृश 

हुंकार कर भाला उठा लो


सुप्त धरती के युवाओं 

उठ पड़ो भूचाल आया

मानवों के वेश में 

रावण सदृश यह कौन आया


सुप्त ऐ वीरांगनाओं 

तोड़कर सारी जंजीरें

बनके माँ दुर्गा महिष का

त्वरित अब संहार कर दो


हो रहा वीभत्स रण 

वैरी बड़ा निर्लज्ज है

धनुष की टंकार से

रण भेरियों सा नाद कर दो


अब नहीं अवतार लेंगे

राम और घनश्याम ही

खुद लड़ो अपनी महाभारत

धरा को शांत कर दो


मानवों के वेष में 

निशिचर जहाँ भी व्याप्त हों

राम के सारंग से

उन पापियों का नाश कर दो


नारियों काली बनो

अब वक्त रोने का नहीं है

रक्त बीजों का धरा से

शक्ति बन संहार कर दो


~गौतम ✍️ @gautam0112