अब तुम्हारी चिट्ठी नहीं आती
और न आता है उसमें लिपटा तुम्हारा प्यार
जब लिखते लिखते तुम बेचैन हो जाती थी
तुम्हारे आंसू गिरते थे कागज पर
और उनके निशान
एक पल में जान लेता था दर्द है तुमको
फिर भले तुम कुछ न लिखतीं
और जब अंत में हस्ताक्षर करके लगा देती थी
बिंदिया अपने माथे की
वो चिट्ठी मेरे लिए सबसे खास होती थी
जो बताती थी तुम्हारी खुशी, तुम्हारा प्यार
और फिर मैं जुगत में लग जाता था
कितनी जल्दी पहुँचूं तुम तक!
कभी झलकती थी तुम्हारी सूरत
और कभी माँ की बेसब्री
और कभी छुटकी का प्यार
कभी बाबू जी की फिकर
अब क्यों नहीं लिखती वही चिट्ठी?
कि रोक न पाऊँ खुद को
चला आऊँ तुम्हारे पास
फोन पर सबकी यही शिकायत रहती
कि इस बार आया क्यों नहीं?
बस यही सोचता हूँ कि अब तो
वीडियो कॉल पर सब दिख जाते हैं
पर कहीं वो फिकर, बेचैनी
ढेर सारा प्यार,
अपनापन,
तुम्हारे काजल से छलकते
आंसुओं से रंगी
जिसमें मेरे गाँव की मिट्टी की भीनी खुशबू से सनी
वह चिट्ठी कोई क्यों नहीं लिखता?
जिसका बेसब्री से इंतजार करूँ
और रोक न पाऊँ खुद को
पल बर भी अनजाने इस देश में!
~गौतम ✍️ @gautam0112

