हाशिये पर खड़े हो
निशस्त्र, निर्भीक, निराधार
एकल चल मुस्काती चल
गाकर दिल की पुकार।
भले जलमग्न है रास्ता
पर तुझमे तो चिंगारी है;
अग्निपरीक्षा देनी है फिर
क्या पूरी तैयारी है।
जला दे फिर से वही दीप
बरसों से लपट का प्यासा है।
बढ़ा कदम अंगारो पर तू
तुझसे ही अभिलाषा है।
आज लौट वो दिन है आया
भरने सीता सी हुंकार।
एकल चल मुस्काती चल
गाकर दिल की पुकार।
तुझमे अभी वो है शक्ति
औरों को न्याय दिलाने की।
रुकी तो पीड़ा फिर सहेगी
द्रोपदी उन शैतानों की।
उठा खड़ग और तीर-कमान
प्रचंड आरंभ जो करना है।
काँटे हों चाहे पथ पर
तुझे कदम जमा के रखना है।
तुझे देख आवाज उठेगी
जन बन गांडीव की झंकार।
एकल चल मुस्काती चल
गाकर दिल की पुकार।
माना जग अंधेर पाप में
तुझमे तो ज्वाला बाकी है।
ख़ून का रंग है हुआ सफेद
तुझमें तो लाल बाकी है।
तू बनके सूरज लाल चमक
राहु क्या तुझको झुकाएगा।
प्रलय आएगी जब धरती पर
शरण तेरी ही पायेगा।
सोच ये मत की हार मिलेगी
गीता का है ये संचार।
एकल चल मुस्काती चल
गाकर दिल की पुकार।