अमावस में जब तारों से बात हुई,
यही गिला दोनों का क्यों रात हुई।
वो खोजते हैं जिसे
मेरी भी वही तलाश है
चाँद उनका भी खो गया,
और ना मेरे ही पास है
उससे रिश्ता था जैसे धूप छाँव का
और मेरे शहर में रोज़ बरसात हुई।
तब तारे मुझे समझाते हैं
कभी ऐसे भी दिन आते हैं,
सूख जाती हैं नदियाँ और
पत्ते शजर* के गिर जाते हैं।
शजर - पेड़
इश्क़ तेरा मुझमें अब भी ज़िंदा है,
तेरे दूर जाने में किसकी मात हुई?
- अलट

