काश...
काश की ये काएनात ही ना होती।
ना होती ख्वाहिशें, ना होता उनका टूटना।
ना होती तुम और ना होता तुम्हारा रूठना।
ना होते सवाल, ना होता उनको पूछना।
किसी की आस कभी बेकार ना होती,
काश के ये काएनात ही ना होती।
ना बिछड़ती माएँ, ना कोई बच्चा रोता।
ना होती मंज़िलें, ना कोई रस्ता खोता।
ना होते फ़ासले, ना कोई तन्हा होता।
तूफ़ानों से नौका की भी हार ना होती,
काश के ये काएनात ही ना होती।
ना होते इंसान, ना बेज़ुबान मारे जाते,
ना होती ग़लतफ़हमियाँ, ना रिश्ते हारे जाते,
ना होती आरज़ू, ना ख़्वाब पाले जाते,
अनमोल सी जानें कभी बेज़ार ना होती,
काश के ये काएनात ही ना होती।
ना होती वफ़ा, ना कोई बेवफ़ाई करता,
ना होते अज़ाब, ना कोई मरहम मलता,
ना होती तीरगी*, ना कोई साया मरता,
*अंधेरा
चाँद के हिस्से ये रात हर बार ना होती,
काश के ये काएनात ही ना होती।
ना होती आँखें, ना कोई दिल पिघलता,
ना होती बाँहें, ना कोई मन मचलता,
ना होते गेसू*, ना कोई ख्याल उलझता
*बाल
वफ़ा किसी की कभी ज़ार-ज़ार ना होती,
काश के ये काएनात ही ना होती।
काश..
काश के ये काएनात ही ना होती।
- अलट

