अनकहे शब्दों की अनुभूति-
भीतर जलती एक ज्वाला-सी।
वो शब्द जो तुमने न बोले,
अपनों से हुई किसी बहस के वक़्त।
जो तेरे अपने किसी प्रियजन को
उस क्रोध में घायल कर सकते थे,
या दे सकते थे उन्हें व्यथा
सुनकर उन सच्चे वचनों को।
पर तेरे मौन में ऐसी शक्ति थी
उन शब्दों को न कहने की।
वो शक्ति खुद भी जन्मी थी
तेरे असीम संयम से ही तो।
अब धधक रही एक ज्वाला-सी,
रह-रहकर तेरे भीतर वो।
अनकहे शब्दों की अनुभूति-
भीतर जलती एक ज्वाला-सी।
