कल उनकी थी दिवाली


कल उनकी थी दिवाली

आज हमारी होगी

कल बँटी मिठाई में से

कुछ टुकड़े बचा लाया हूँ

घर और होटल से बचा हुआ

कुछ खाना माँग लाया हूँ

आज हमारी भी दावत होगी

कल उनकी थी दिवाली

आज हमारी होगी

बुझ चुके दियों का बचा तेल

रात को इकट्ठा कर आया हूँ

कल जिनसे उनके दिये जले थे

आज हमारे चूल्हे जलेंगे

कल उनकी थी दिवाली

आज हमारी होगी

न फूटे पटाखों को हम

सवेरे सवेरे चुन आए हैं

अधजली फुलझड़ियों को

हम कचरे से ढूंढ लाए हैं

आज हमारी आतिशबाज़ी होगी

कल उनकी दिवाली थी

आज हमारी होगी

उड़ा चुके रॉकेट से छूटी

बोतलों को बेच आए हैं

जल चुकी फुलझड़ियों के

तार भी चुन कर बेच आए हैं

आज हमारी लक्ष्मी की पूजा होगी

कल उन्होंने मनाई थी दिवाली

आज हमारी होगी

दिवाली पर बच्चे उनके

मिट्टी के छोटे किले बनाते

हम मिट्टी के घरों में अपने

छोटी सी है दिवाली मनाते

वे बनाकर किले मिट्टी से

झूठमूठ की लड़ाई लड़ते

यहाँ हर रोज़ हम जीवन में

बिना किले के ही लड़ते

कितनी भी हो मुश्किलें मगर

हँसकर ही आगे बढ़ते

मिट्टी के झोपड़े में भी

गहने सपनों के गढ़ते

कल उनकी थी दिवाली

आज हमारी होगी

उनकी दिवाली उनको मुबारक

हम अपनी भी तो मनाएँगे

इस उम्मीद के साथ यारों

हम दिये पटाख़े जलाएँगे

की एक दिन हमारी भी

दिवाली उनके जैसे होगी

खूब फूटेंगे पटाख़े जब

दियासलाई हमारी होगी

बटेंगी जिनसे मिठाईयाँ

वे हाथ भी अपने होंगे

रंगोली में जो रंग भरेंगे

वह हमारे जीवन के होंगे

जलेगा आकाश दिया जिस पर

वह छत हमारे घर की होगी

और दावत के खाने को भी

झूठन की नहीं आँच होगी

खुशियों के दिये जलेंगे

एक दिन मेरे आँगन में

इस उम्मीद के दिये से हम

आज दिवाली मना लेते हैं

कल उनकी थी दिवाली

आज हमारी मना लेते हैं

रात तो कल अमावस की थी

रात पुर्णिमा की हमारी होगी

दिवाली कल जैसे उनकी थी

कल हमारी भी वैसी होगी

'कल' और 'कल' में बस

'आज' ही तो बचा है

'कल' उनकी थी दिवाली

'आज' हम मना लेते हैं

दिवाली की

इन खुशियों को

अपने हिसाब से मना लेते हैं

कल उनकी थी दिवाली

आज हम मना लेते हैं