मैं तुम जैसी न बन पायी माँ !
वो मेरे बचपन की यादें , यादों में तुम समाई माँ
गरम गरम फुल्कों की खुशबु , अब भी घर में समाई माँ !
घंटो रसोई में रहना, एक ख़त्म तो दूजा करना
मसालों की बरनी भरना, फिर धनिये की चटनी करना
सूखे कपड़ो हो तह लगा कर, फिर से कुछ को गीला करना
खीर रखी चूल्हे पर तो लगे हाथ कुछ चिप्स बनाना
कभी गेहूं की बोरी और कभी संतरों की थैली ,
क्यों ऐसी चक्की चलाई माँ ?
नहीं भूलती गुझियाँ ,तोशे ,
हर त्यौहार पर तुम बौराई माँ
घंटो घंटो मठरी तलना ,फिर उनको बरनी में भरना
हो कैरी का मौसम आया , या गाज़र का अचार बनाया
गरम- गरम आटे को लेकर आधी रात तक 'पिन्नी ' गुथना
क्यों अपनी हथेली जलाई माँ ?
नहीं चूमती , नहीं चिपटती , आँखों से कह जाती माँ
सर पर चुन्नी , बुद -बुद करती ,
हाथ दुआ में जुड़े हमेशा ,
बंद आँखो से सिजदा करती
क्यों इतनी अलख जगाई माँ ?
सुबह शाम तक चूल्हा करती
वो मेरी कपड़े की गुड़िया, उसके लिए भी कपड़े सिलना
क्यों अपनी नींद गवाई माँ ?
मैं तुम जैसी न बन पाई माँ
हाँ मेरे आँचल में ममता , पर उतनी न भर पाई माँ
मैं तुम जैसी न बन पायी माँ !
अपनी प्यारी माँ के नाम!
