जब से उनसे मेरी दोस्ती हो गई ।
शायरी, शायरी, शायरी, हो गई ।।
आपसे चंद लम्हे जुदा क्या हुआ ।
ऐसा लगता है जैसे सदी हो गई ।।
उसने रुख़ से जो चिलमन हटाया ज़रा ।
हर तरफ़ रोशनी, रोशनी हो गई ।।
उनकी आंखों से आँखें मिलीं जो मेरी ।
मयकशी, मयकशी, मयकशी, हो गई ।।
उनसे बिछड़ा तो ऐसा लगा है मुझे ।
मुझसे नाराज़ हर इक ख़ुशी हो गई ।।
जब से रखे हैं घर में क़दम आपने ।
रश्के जन्नत मेरी झोपड़ी हो गई ।।
उनकी नज़रे इनायत जो फैसल हुई ।
ज़िंदगी, ज़िंदगी, ज़िंदगी, हो गई ।।
फैसल हबीब
गोला गोकर्णनाथ

