ये लड़के ये छः फुट के लड़के अक्सर रोना चाहते हैं दहाड़े मार कर और पकड़ कर माँ के आँचल के कोने को कहना चाहते है बहुत दिनों से "मन अच्छा नहीं है" माँ...सुनो माँ पर कह नहीं पाते कद  ऊँचा हो आया है शायद माँ से ..सो कह नहीं पाते।

ये लड़के छः फुट के लड़के कर लेते हैं दोस्तों में सारी ठिठोलियाँ दे-लेते हैं बड़ी-बड़ी सारी "गालियाँ" तेरी वाली ,मेरी वाली से शुरु हो उस नीली आँखों वाली पड़ोसन के चर्चे  गा ही लेते हैं पर खोल नहीं पाते मन के दर्द, दोस्तों के आगे उड़ा देते है गम के छल्ले सिगरेट के काले धुएँ में और गले में फँसी रोती आवाज़ को बाइक्स की घर्र -घर्र में फट से गर्म साइलेन्सर में ही दबा देते हैं दोनों आँख के गीले कोनों को झट से.... सनग्लास के पीछे छिपा लेते हैं।

ये लड़के ये छः फुट के लड़के अब पिता के नाप से कुछ बड़े... जूते व शर्ट पहनने लगते हैं और टकराते हैं उनसे बात ही बात में बस बहुत हो गया पापा का जुमला बार-बार जैसे रटते हैं बहस करते हैं उनसे पर अब भी.…. हथेली थाम उनकी बगीचों में टहलना चाहते हैं पीठ पर अपनी ...फिर शाबासी की धौल चाहते हैं काँधों पर चढ़ उनके आकाश छूना चाहते हैं पर कह नहीं पाते।

ये लड़के ये छः फुट के लड़के अब.... "छोड़ो पापा" कहकर राशन के भारी थैले उठाने लगते हैं। पानी और बिजली के बिल जिम्मेदारी से भरने लगते हैं पानी भरती माँ से मटके छीन लेते हैं और कुर्सी पर बिठा उनको आराम करने की सलाह देते हैं पिता को समय पे दवा लेने की याद दिलाने लगते हैं।

ये लड़के ये छः फुट के लड़के देखते ही देखते भूल जाते हैं हुडदंगी चौराहों को और ...भूल जाते हैं अपनी बाइक्स की उस....तेज रफ्तार को उन....गुलाबी आँखें और..."उस" गिफ्टेड  गिटार को ये लड़के ये छः फुट के लड़के अब खपने लगते हैं महीने के वेतन में भूल के अपने सपनों को न जाने कब..... घर के बड़े से "बरगद" बन जाते हैं ये लड़के ये छः फुट के लड़के