पंख लगा कर नैन हमारे

उड़ जाते पापा के पास

कान्धे से लगकर,

गोद में छिपकर

सुन लेते लोरी जो उनसे

मुंदी पलकों मे मीठा सपना

जी लेते पापा के साथ !


परियां जो आती ले जाने उसको

प्यारा एक पापा का साथ

नन्हे हाथों से ,थाम लेती वह

ज़ोर लगा पापा का हाथ !


पापा का ह्रदय है छांह नीड़ की

बातें मीठी पाती सी

आँखें हैं जैसे प्यार का सागर

गोद है उनकी सेज नींद की

वत्सलता की मूरत सी!


नीड़ लिटा कर गोद सुला कर

चूम लेते जो बिटिया का गाल

मुस्का उठी है नन्ही कली वह

पकड़ उँगली से बटन शर्ट का

खेल रही है ,

जी रही है..

सिमट सीने में पापा के अपने

सपनों में एक सपना पाल !

"पापा तुम हो मेरा सपना

जी लेने दो बचपन अपना

छिपा सीने में चेहरा अपना

रो लेने दो चाहे जितना !"


पी जाना तुम मेरे आंसू

जीवन हो कितना लम्बा भी

बनकर रहना 'मेरे पापा'

और

बनी रहूँ 'पापा की बिटिया'!

कल जब जागेंगी ये आँखे

उतार गोद से छोड़ न देना

पापा, मेरे अच्छे पापा ,

छांह नीड़ की सदा ही देना !

डॉ सीमा वर्मा (कॉपीराइट)