सार्त्र! तुम्हें आदमी के अस्तित्व की चिंता है न? दुःखी मत हो दार्शनिक मैं तुम्हें सुझाता हूँ क्षणों को पूरे आत्मबोध के साथ जीते हुए आदमज़ाद की सही तस्वीर दिखाता हूँ- भागती ट्रामों दौड़ती कारों और हाँफती ज़िन्दगी के किनारे वहाँ दूर नगर निगम के पार्क में – प्राणवान अँगुलियों के सहारे बेमतलब घास चुनते अपने मौन से अनन्त सर्गों का संवेदनशील महाकाव्य बुनते यदि दो युवा प्रेमियों को तुम कभी देख पाओगे तो उसी दिन से ओ चिन्तक! महायुद्धों की विभीषिका को भूलकर तुम सचमुच आदमज़ाद के समग्र अस्तित्व की महत्ता पहचान जाओगे।