वीरों का बलिदान

(राष्ट्रगीत)

रचयिता : डॉ. भुवनेश्वर प्रसाद दीक्षित 'भुवन'

आज कथा सुनाते वीरों के बलिदान की, गाथा अमर सुनाते भारत के सम्मान की। रग-रग जोश जगाती पावन हिन्दुस्तान की, आज कथा सुनाते वीरों के बलिदान की॥

मंगल ने रण-शंख बजाया, जाग उठी संतानों में, झाँसी वाली रानी कूदी, अग्निमय रण-मैदानों में। तात्या, कुंवर सिंह ने रच दी गाथा स्वाभिमान की, आज कथा सुनाते वीरों के बलिदान की॥

सुभाष चंद्र बोस पुकारें, गूँज उठे जयगानों में, आज़ाद हिन्द फ़ौज चली थी, विजय-भरे अरमानों में। भगत, राजगुरु, सुखदेवों ने लाज रखी बलिदान की, आज कथा सुनाते वीरों के बलिदान की॥

शेखर डटे अडिग होकर, अंग्रेज़ी तूफ़ानों में, अंतिम गोली स्वयं चलाई, अमर हुए बलिदानों में। गूँज रही है अमर कहानी भारत के सम्मान की, आज कथा सुनाते वीरों के बलिदान की॥

बिस्मिल, अशफ़ाक़ साथ चले थे, क्रांति भरे अरमानों में, उधम सिंह भी अमर हुए थे, प्रतिशोधी अभियानों में। खुदीराम ने शीश चढ़ाया, बढ़ी शान हिन्दुस्तान की, आज कथा सुनाते वीरों के बलिदान की॥

गांधी चले सत्याग्रह लेकर, जन-जन के विश्वासों में, नेहरू ने नव स्वप्न सजाए, भारत के उल्लासों में। सावरकर ने ज्योति जगाई वीरों के सम्मान की, आज कथा सुनाते वीरों के बलिदान की॥

पटेल बने लौह पुरुष, जन-जन के अभिमानों में, एक सूत्र में देश पिरोया, भारत के वरदानों में। अमर रहे वह पुण्य गाथा राष्ट्र के उत्थान की, आज कथा सुनाते वीरों के बलिदान की॥

कलाम ने विज्ञान जगाया, नव पीढ़ी के प्राणों में, सपनों को साकार किया, श्रम-शक्ति के गानों में। युवा शक्ति को मंत्र दिया श्रम, ज्ञान और सम्मान की, आज कथा सुनाते वीरों के बलिदान की॥

सीमा पर जो डटे हुए हैं, हिमगिरि की चट्टानों में, उनसे महका देश हमारा, फूलों से उपवनों में। ऋणी रहेगी सदा धरा यह उनके पुण्य बलिदान की, आज कथा सुनाते वीरों के बलिदान की॥

जब तक गंगा-यमुना बहती, अमर रहे यह शान यहाँ, जब तक नभ में सूर्य दमकता, ऊँचा रहे निशान यहाँ। युग-युग गूँजे अमर कहानी वीरों के बलिदान की, आज कथा सुनाते वीरों के बलिदान की॥