तिरंगा
— डॉ. भुवनेश्वर प्रसाद दीक्षित 'भुवन'
लहर-लहर लहराए झंडा, भारत के अभिमान का,
मस्त-मस्त हवा भी गावे, गाना हिन्दुस्तान का॥
केसरिया बलिदान सुनाता, वीरों के सम्मान का,
श्वेत रंग संदेश सुनाता, शांति और उत्थान का।
हरित धरा की हरियाली में, सपना नव निर्माण का,
चक्र अशोक निरंतर गाता, पथ कर्म और ज्ञान का।
रण में जिसने खून बहाया, उस अमर बलिदान का,
लहर-लहर लहराए झंडा, भारत के अभिमान का॥
ब्रह्मोस, पृथ्वी, नाग गरजते, बढ़ता मान जवान का,
अर्जुन भी जयघोष कर रहा, गौरव हिन्दुस्तान का।
सीमा पर डटा जवान, प्रहरी स्वाभिमान का,
उसके दम से ऊँचा रहता, गौरव हिन्दुस्तान का।
मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारे, रचते रूप महान का,
विविध रंग मिलकर देते, संदेश प्रेम-समान का।
'भुवन' गाये गौरव-गाथा, अपनी पावन शान का,
लहर-लहर लहराए झंडा, भारत के अभिमान का॥
लहर-लहर लहराए झंडा, भारत के अभिमान का,
मस्त-मस्त हवा भी गावे, गाना हिन्दुस्तान का॥
— डॉ. भुवनेश्वर प्रसाद दीक्षित 'भुवन'
