श्रम-स्वाभिमान भुवन पचीसी

(भुवन प्रभा छंद)

— डॉ. भुवनेश्वर प्रसाद दीक्षित 'भुवन'

खेत खड़े थे गाँव में, लेकर अन्न भंडार,

खेती से जो शर्माया था, बन बैठा चौकीदार।

सरकारी नौकरी की आस में, बीत गई बहार,

हल पकड़ने में शर्म लगी, बन गया चौकीदार।

बाप ने खेत बटाई दिए, भरकर मन में पीर,

बेटा शहर में ढूँढ़ रहा है, सपनों की जागीर।

धरती माँ ने रोज़ दिया था, ममता का उपहार,

उसकी गोदी छोड़ चला वह, बनकर पहरेदार।

धान खड़ा था खेत में, लेकर नई बहार,

युवा खड़ा चौराहे पर, ढूँढ़े रोज़ उधार।

बाप पसीना बोता रहा, लेकर कितने चाव,

बूढ़ी आँखें राह निहारें, भूल गया वो गाँव।

कारखाने आवाज़ दें, आओ मेरे यार,

चाय-गुमटी पर बैठकर, कोसे रोज़ सरकार।

रोज़गार के द्वार पर, अवसर है तैयार,

आलस की चादर ओढ़कर, सोता रहा विचार।

मालिक ढूँढ़े कर्मठ जन, लेकर नई पुकार,

बातों के पहलवान मिले, काम करे दो-चार।

पसीना माँगे हर सफलता, यही जगत का ज्ञान,

बिन मेहनत फल चाहता, वह नादान इंसान।

धूल चढ़ी औज़ार पर, सूना पड़ा कारखान,

सबको कुर्सी चाहिए, श्रम से सब अनजान।

डिग्री लेकर घूम रहा, युवा नगर-बाज़ार,

काम मिला तो पूछ लिया, कितनी है पगार।

भाग्य-भाग्य सब कहते फिरते, सुबह-दोपहर-शाम,

किस्मत उसके द्वार गई, जिसने किया है काम।

रोटी श्रम की राह निहारे, कब जागे इंसान,

सपनों से पेट भर रहा, कैसा है अज्ञान।

नदियाँ, पर्वत, खेत पुकारें, आओ करो विकास,

मोबाइल की दुनिया छोटी, बन बैठी मधुमास।

समय खड़ा था बाँह पसारे, देने को सम्मान,

आलस की चौखट पर बैठा, सोता रहा इंसान।

चिड़िया तिनका जोड़ रही है, लेकर नई उड़ान,

मानव केवल सोच रहा है, कब बदले जहान।

दीपक सारी रात जला है, पाने को उजियार,

बिन तपे ही चमक माँगना, कैसा है अधिकार।

अख़बारों में रोज़ छपते, अवसर के संदेश,

बहानों की गठरी लेकर, बैठा अपना देश।

मंज़िल रोज़ पुकार रही है, आओ मेरे साथ,

राह किनारे बैठ गया जो, मलता रह गया हाथ।

अन्न उगाने खेत खड़े हैं, लेकर नई पुकार,

शहरों में बस बहसें चलतीं, किसकी बने सरकार।

सपनों का महल खड़ा है, ऊँचा और विशाल,

नींव लगाने की बारी पर, हो गए सब निढाल।

अवसर लेकर द्वार खड़ा था, खोले अपने पंख,

नींद खुली जब देर हो गई, बजा पराजय-शंख।

धरती पर मोती बिखरे हैं, फैला हुआ खजाना,

जो झुककर उनको चुन लेता, वही बने सयाना।

धरती, श्रम और स्वाभिमान, जीवन के आधार,

इनसे जिसने नाता जोड़ा, उसका हुआ उद्धार।

संदेश

खेती केवल व्यवसाय नहीं, संस्कृति है।

श्रम केवल आवश्यकता नहीं, स्वाभिमान है।

धरती से जुड़ा युवा ही परिवार, समाज और राष्ट्र का सच्चा आधार है।