भुवन पच्चीसी : नदी का विलाप और पुनर्जागरण
रचयिता: डॉ. भुवनेश्वर प्रसाद दीक्षित 'भुवन'
हिम के शिखरों से नव धारा,
जीवन पर करती उपकारा।
कल-कल बहती निर्मल नदिया,
हरती जग की सारी पीड़ा।
वन-उपवन को सींच रही है,
धरती का श्रृंगार बनी है।
खेतों में हरियाली लाती,
भूखी धरती हँसती जाती।
तट पर सभ्यता दीप जलाती,
मानव की पहचान बनाती।
ऋषि-मुनियों ने ध्यान लगाया,
ज्ञान-प्रकाश जगत में छाया।
लहरों में संगीत समाया,
मन का अंधियारा मिटाया।
मछली, पशु और वन के प्राणी,
सबके जीवन की कल्याणी।
आज वही पावन जल रोता,
मनुज पाप अपने है धोता।
कचरे से आँचल भर डाला,
मानव ने ही घाव है डाला।
विष-रसायन जल में घुलते,
जीवन के आधार हैं ढलते।
काले धुएँ ने रूप बिगाड़ा,
नदी-हृदय पर पड़ा कुठारा।
सूने तट और मौन किनारे,
पूछ रहे हैं प्रश्न हमारे।
जिसने सबको जल पहुँचाया,
उसको ही मानव ने सताया।
माँ जैसी जो प्यास बुझाती,
आज वही आँसू बरसाती।
यदि यह निर्मल धारा सूखे,
मर जाएँगे प्राणी भूखे।
बूंद-बूंद को जग तरसेगा,
जीवन संकट में फँसेगा।
धन-वैभव सब व्यर्थ हो जाएगा,
जल बिन जग कैसे सुख पाएगा।
आने वाली पीढ़ी पूछे,
क्यों थे मानव इतने रूखे।
चेत मनुज अब समय पुकारे,
नदी बचाओ मिलकर सारे।
वृक्ष लगाओ तट के पास,
फिर लौटेगी नई आशा।
गंदे जल पर रोक लगाएँ,
नदी-हृदय फिर से मुस्काएँ।
निर्मल जल की धारा बहती,
धरती फिर खुशहाली कहती।
नदी बचेगी जग हँसेगा,
फिर से सुंदर भुवन बसेगा।
जल-रक्षा का धर्म निभाएँ,
नव-प्रभात संसार में लाएँ।
