मैं अश्व हूँ
— डॉ. भुवनेश्वर प्रसाद दीक्षित 'भुवन'
बड़ी पीड़ा सहता हूँ मैं, जब खाने को सूखा भूसा मिलता है। श्रम-साधना करते-करते भी, पीठ पर निर्मम कोड़ा पड़ता है। मैं अश्व हूँ।
जख्मों से तन छलनी होता, फिर भी कभी ठहरता नहीं। स्वामी के पेट की खातिर ही, चलता हूँ, पर हारता नहीं। मैं अश्व हूँ।
धूप तपे या वर्षा बरसे, चाहे ऋतु कोई भी आए। मेरे पैरों की थकन न पूछो, साँस भी विश्राम न पाए। मैं अश्व हूँ।
जीवन भर बस बोझ उठाया, कभी न अपना मान किया। जिसने चाहा, जैसे चाहा, मेरा केवल उपयोग किया। मैं अश्व हूँ।
आँखों में भी स्वप्न सजे थे, खुले गगन में दौड़ लगाने के। भाग्य बँधा अब रस्सी से है, दिन बीतें रथ खिंचवाने के। मैं अश्व हूँ।
मूक सही, पर हृदय धड़कता, दर्द मुझे भी होता है। हर प्राणी के अंतर में भी, एक करुण-सजल मन होता है। मैं अश्व हूँ।
मत समझो केवल पशु मुझको, मुझमें भी स्वाभिमान जगा है। मेरे कठिन परिश्रम से ही, घर-आँगन में सुख-दीप जला है। मैं अश्व हूँ।
जिस दिन श्रम का मान बढ़ेगा, करुणा हर मन में खिल जाएगी। मानवता की अमर कहानी, धरती पर फिर गाई जाएगी। तब मुस्काकर कह सकूँगा— मैं अश्व हूँ... मैं अश्व हूँ।
