लहू नहीं—अंगार है
डॉ. भुवनेश्वर प्रसाद दीक्षित ‘भुवन’
सीमा की माटी पर गिरा,
लहू नहीं—अंगार है,
हर बूँद वीर के रक्त की
भारत का जयकार है।
माटी ने जब लहू चखा,
तिलक विजय का हो गया,
एक वीर रण में सो गया,
भारत अमर हो गया।
लहू की धार नहीं बहती,
शौर्य-धारा बहती है,
वीरों की हर लाल बूँद
स्वाधीनता कहती है।
गोली की गर्जन के आगे
जिसका साहस अडिग रहा,
मृत्यु खड़ी थी सामने,
फिर भी वीर न विचलित हुआ।
जिसने अपना लहू दिया,
उसने माँ का मान रखा,
अपने प्राणों से बढ़कर
भारत का सम्मान रखा।
सीमा की चट्टानें बोलें—
“वीर अभी जीवित हैं!”
हिमशिखरों की हर चोटी पर
उनके चरण अंकित हैं।
लहू की हर लाल बूँद में
एक शपथ पलती है—
माँ भारती की आन रहे,
यह ज्वाला कब बुझती है!
तिरंगा जब नभ में उठता,
लहू पुकार सुनाता है—
“जिस धरती पर मैं गिरा था,
वह भारत कहलाता है!”
मृत्यु जिसे भयभीत न कर सकी,
वह वीर अमर कहलाया,
जिसने माटी को लहू दिया,
उसने भारत को सजाया।
लहू नहीं—वह लाल तिलक है
भारत माँ के भाल का,
हर शहीद का नाम लिखा है
इस पावन इतिहास का।
जब तक सूरज चमकेगा,
जब तक गंगा की धारा है,
तब तक अमर रहेगा भारत,
तब तक वीर हमारा है।
लहू की अंतिम बूँद कहे—
“माँ! तेरा मान रहे!”
मेरे बाद भी इस धरती पर
भारत का सम्मान रहे!
जय हिंद!
जय भारत! ????????
